सड़क दुर्घटना में सरोज जायसवाल का निधन
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने परिजनों से मिलकर जताया शोक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। बीते बुधवार को महागामा निवासी स्वर्गीय सरोज जायसवाल का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस दुखद घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने भी इसे एक अपूरणीय क्षति बताया है।घटना की जानकारी मिलने पर महागामा विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरोज जायसवाल का इस तरह अचानक दुनिया से चले जाना अत्यंत पीड़ादायक और दुःखद है। शुक्रवार को मंत्री दीपिका पांडेय सिंह महागामा स्थित उनके आवास पर पहुंचीं, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों के साथ बैठकर उनका दुःख साझा किया और हर संभव सहायता का भरोसा भी दिलाया। मंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान मिले तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान हो।मौके पर क्षेत्र के नगर उपाध्यक्ष निलेश सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने दिवंगत के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एक स्वर में कहा कि सरोज जायसवाल का निधन समाज के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।



