भरत पुर

जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, 72 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

चार महिलाओं सहित 9 घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

भरतपुर। बयाना कस्बे से सटे रूदावल थाना क्षेत्र के गांव सिंघाड़ा में रविवार को जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी खेत मालिकों के दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 72 वर्षीय बुजुर्ग कमल सिंह जाटव की मौत हो गई, जबकि चार महिलाओं सहित कुल 9 लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के महिला-पुरुष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों व पत्थरों से जमकर संघर्ष शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक चले इस झगड़े में गंभीर रूप से घायल कमल सिंह ने दम तोड़ दिया। रूदावल थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने बताया कि गांव में कमल सिंह और गिर्राज-मदनलाल पक्षों के खेत आपस में सटे हुए हैं। रविवार को कमल पक्ष अपने खेत में मकान निर्माण के लिए नींव खोद रहा था, जिस पर गिर्राज पक्ष ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट व पथराव हुआ। घटना में कमल पक्ष की ओर से सुमित (25) पुत्र राजूलाल जाटव, किरनदेई (40) पत्नी राजूलाल और कुमारी बाई (35) पत्नी मदनमोहन घायल हुई हैं। वहीं गिर्राज पक्ष की ओर से कुंवर (50) पुत्र अमरचंद जाटव, उत्तम (35) पुत्र खूबीराम जाटव, तिम्मन (40) पुत्र सोनपाल, तारावती (45) पत्नी गिर्राज, राधा (35) पत्नी रामसिंह और घनश्याम (55) पुत्र भीकम घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी नरेश शर्मा और खेरिया मोड़ चौकी प्रभारी एएसआई घनश्याम सिंह पोसवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और बाद में अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली। सभी घायलों को बयाना उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। गांव में तनावपूर्ण हालात को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया था।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button