
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
कैराना। नगर के बस स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय खुद बदहाली का शिकार बने हुए हैं। हालत यह है कि बस अड्डे पर बने यात्री शौचालयों के दरवाजों पर ताले लटके हुए हैं, जिसके चलते दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन यात्रियों को दिशा-शौच के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
कांधला तिराहे पर स्थित रोडवेज बस अड्डे से प्रतिदिन यात्री विभिन्न क्षेत्रों के लिए सफर करते हैं। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल होते हैं, लेकिन उनके लिए बुनियादी सुविधा तक उपलब्ध नहीं है। शौचालय बंद होने के कारण यात्रियों को आसपास के खाली स्थानों या सार्वजनिक जगहों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे न केवल उन्हें असुविधा हो रही है बल्कि स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार और प्रशासन स्वच्छता अभियान को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट दिखाई देती है। यात्रियों के लिए बनाए गए शौचालय ही अगर बंद पड़े रहेंगे तो फिर उनके निर्माण का उद्देश्य क्या रह जाता है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान देने के बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक शौचालयों के ताले नहीं खोले गए हैं। इससे साफ प्रतीत होता है कि अधिकारियों को यात्रियों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। यात्रियों और स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बस स्टेशन परिसर में बने शौचालयों को तत्काल खुलवाकर नियमित रूप से संचालित कराया जाए, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और स्वच्छता व्यवस्था भी बेहतर हो सके। वहीं दूसरी नगर बस स्टेशन के सामने पालिका परिषद कैराना द्वारा बनाये गए सामुदायिक शौचालयों में गंदी फैली हुई है। ऐसी स्थित में यात्री जाएं तो कहां जाएं।

