Uncategorizedजालौन

नवीन गल्ला मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था लड़खड़ाई, 15 में से केवल 4-5 केंद्र चालू

बारदाने की कमी, प्रभारी गायब और खसरा विवाद से किसान बेहाल

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
जालौन। जनपद की नवीन गल्ला मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी है। शासन द्वारा निर्धारित 15 क्रय केंद्रों के सापेक्ष अभी तक मात्र 4 से 5 केंद्र ही संचालित हो पाए हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी में कई क्रय केंद्रों पर बारदाने (बोरियों) की कमी बनी हुई है, वहीं कुछ केंद्रों पर अभी तक केंद्र प्रभारी कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे हैं। जिन केंद्रों पर खरीद कार्य शुरू हुआ भी है, वहां किसानों को खसरा (भूमि अभिलेख) से जुड़ी औपचारिकताओं के नाम पर उलझाया जा रहा है, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
किसान अजीत सिंह (जगतपुरा), रामेन्द्र (खर्रा) और सुनील (कैथ) ने बताया कि शनिवार को जब वे खाद्य एवं रसद विभाग के केंद्र पर गेहूं बेचने पहुंचे, तो वहां तैनात क्रय प्रभारी द्वारा खसरा ऑफलाइन जमा करने को कहा गया। जब किसान तहसील में लेखपालों के पास पहुंचे तो वहां से भी खसरा ऑफलाइन उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी हेमंत पटेल ने शुक्रवार को नवीन गल्ला मंडी पहुंचकर विभिन्न क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि खसरा संबंधी समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
वहीं, मंडी सचिव अंकित गुप्ता ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने केंद्रों पर स्पष्ट बैनर लगवाएं, ताकि किसानों को केंद्र पहचानने में कोई दिक्कत न हो। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त कर सभी क्रय केंद्रों को पूर्ण रूप से संचालित किया जाएगा।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि गेहूं खरीद व्यवस्था को शीघ्र सुचारु किया जाए, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button