खैरथल

जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक का हुआ आयोजन

पीएमओ एवं सीएमओ से प्राप्त शिकायतों को 7दिन में निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश देते हुए अधिकारियों को कार्यों में गति लाने पर जोर दिया गया।
जिला कलेक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित परिवादों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पीएमओ एवं सीएमओ कार्यालय से प्राप्त शिकायतों को 7 दिवस में तथा अन्य विभागीय शिकायतों को 15 दिवस के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को त्वरित राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने असंतुष्ट परिवादों को पुनः खोलकर निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि परिवादी को समस्या के समाधान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही सभी अधिकारियों को नियमित रूप से संपर्क पोर्टल लॉगिन कर प्रकरणों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
बैठक में ई-फाइल डिस्पोजल की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी फाइल लंबित न रहे तथा सभी फाइलों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि फाइल निस्तारण का समय घंटे में एक अंक से अधिक नहीं होना चाहिए। नगर निकाय, समाज कल्याण एवं शिक्षा विभाग को राजकाज के माध्यम से फाइलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने बजट घोषणा 2025-26 एवं 2026-27 की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी घोषणाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही भूमि आवंटन से संबंधित प्रकरणों में तेजी लाने एवं सहकारिता विभाग को पैक्स संबंधी भूमि आवंटन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को लक्ष्य अनुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए लाभार्थियों की सफलता की कहानियां भेजने पर भी जोर दिया गया, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता जेपी बैरवा, सहायक निदेशक वेद प्रकाश सैनी, एसीएफ वन विभाग संजय चौधरी, संयुक्त निदेशक सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग वीरेंद्र त्यागी, उप आयुक्त श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अरविंद गेट, डीटीओ खैरथल सविता भारद्वाज, जेएमओ मंडी प्रियंका प्रजापत,  जिला शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button