आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हुआ परिवार
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। थाना नाराहट क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम इमलिया जिलौनी में एक विधवा महिला की जमीन पर जबरन कब्जा करने और उसकी मेहनत की फसल को नष्ट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीडि़ता ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए विपक्षी दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि दबंगों के उत्पीडऩ से तंग आकर उनका पुत्र आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश कर चुका है। तहसील पाली के ग्राम जिलौनी निवासी संजली दुलैया पत्नी कृपाल सिंह ने शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि वह एक विधवा महिला हैं। उनके गाटा संख्या 204 स्थित 2.50 एकड़ जमीन पर चकबंदी के बाद उन्हें कब्जा दखल दिया गया था। इस वर्ष उन्होंने खेत में मूंग की फसल बोई थी, जिसकी लागत करीब 50 हजार रुपये थी। पीडि़ता का आरोप है कि 31 मार्च 2026 को गांव जमौरा निवासी कुछ दबंगों और एक अन्य व्यक्ति खेत पर आए। आरोप है कि विपक्षीगणों ने लेखपाल और कानूनगो से मिलीभगत कर बोई हुई फसल पर जरीब चलाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया। जब महिला ने मौके पर मौजूद लेखपाल महेन्द्र यादव से इसका विरोध किया, तो उन्होंने प्रार्थना पत्र के अनुसार अभद्रता करते हुए वहां से भाग जाने को कहा। प्रार्थना पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार, दबंगों द्वारा जमीन कब्जाने की नियत और फसल की बर्बादी से आहत होकर प्रार्थिनी का पुत्र पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश करने लगा। गनीमत रही कि गांव के लोगों ने उसे समय रहते पेड़ से उतार लिया, जिससे उसकी जान बच गई। महिला ने आशंका जताई है कि भविष्य में उसकी और उसके पुत्र की हत्या भी की जा सकती है। पीडि़ता ने मामले में कार्यवाही की गुहार लगायी है।



