राँची में ट्रैफिक सुधार को लेकर हाई-लेवल मीटिंग, SSP ने दिए सख्त निर्देश
High-level meeting held in Ranchi regarding traffic improvement, SSP gave strict instructions

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
राँची, 11 अप्रैल 2026: शहर में सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर शनिवार को राँची पुलिस की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राँची ने की। इस बैठक में यातायात पुलिस राँची के पुलिस अधीक्षक, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक (ट्रैफिक), सभी थाना प्रभारी एवं यातायात कर्मी उपस्थित रहे।
5 नए ट्रैफिक पोस्ट बनाए गए
पिछली बैठक की समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के आलोक में शहर में 5 अतिरिक्त यातायात पोस्ट बनाए गए हैं, जहां पर्याप्त बल की तैनाती भी की गई है।
जाम वाले क्षेत्रों की पहचान
बैठक में उन स्थानों की पहचान करने पर जोर दिया गया, जहां अक्सर जाम की समस्या रहती है। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि जाम के कारणों का विश्लेषण कर स्थायी समाधान निकाला जाए।
सिग्नल, डिवाइडर और उपकरणों पर फोकस
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर सिग्नल लाइट, डिवाइडर, बोलार्ड और अन्य आवश्यक उपकरण लगाने पर विस्तृत चर्चा हुई, ताकि यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा सके।
ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई
SSP ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी ट्रैफिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहेंगे और पोस्ट का निरीक्षण करेंगे।
ड्यूटी छोड़ने या अनावश्यक मोबाइल उपयोग करने वाले कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी
अच्छा कार्य करने वाले कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा
बॉडी कैमरा अनिवार्य
चेकिंग के दौरान सभी ट्रैफिक कर्मियों के लिए बॉडी-वॉर्न कैमरा ऑन रखना अनिवार्य किया गया है। साथ ही आमजनों से शालीन व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक मॉनिटरिंग के लिए बनेगा APP
पुलिस अधीक्षक, यातायात को सभी ट्रैफिक पोस्ट की निगरानी के लिए एक मोबाइल APP विकसित करने की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
रात में भी ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर देर रात तक ट्रैफिक बल की तैनाती पर भी विचार किया गया, ताकि 24×7 सुगम यातायात सुनिश्चित किया जा सके। बैठक के अंत में SSP ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का आदेश दिया।



