खैरथल
नगर परिषद भिवाड़ी: निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशित, 27 अप्रैल तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार नगर परिषद भिवाड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित नगर पालिका आम चुनाव 2026 के तहत निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सुमित्रा मिश्र ने बताया कि वार्ड संख्या 1 से 60 तक की निर्वाचक नामावली के प्रारूप (ड्राफ्ट) का प्रकाशन दिनांक 13 अप्रैल 2026 को नियमानुसार कर दिया गया है। इसके पश्चात 14 अप्रैल 2026 को संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रारूप का पठन भी कराया गया।
उन्होंने बताया कि आमजन के अवलोकन हेतु प्रारूप निर्वाचक नामावली संबंधित मतदान केंद्रों, नगर परिषद कार्यालय भिवाड़ी तथा अन्य निर्धारित स्थानों पर उपलब्ध कराई गई है।इस संबंध में सभी नागरिकों को सूचित किया गया है कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हुआ है अथवा किसी प्रविष्टि में त्रुटि है, तो वे निर्धारित प्रपत्रों में दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
निर्धारित कार्यक्रमानुसार वार्ड 1 से 60 तक नियुक्त प्रगणक एवं सुपरवाइजर 14 अप्रैल 2026 से 27 अप्रैल 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। इस अवधि में वे प्रतिदिन अपराह्न बाद अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे तथा प्राप्त प्रपत्रों को चुनाव शाखा में प्रस्तुत करेंगे।विशेष रूप से 19 अप्रैल एवं 26 अप्रैल 2026 को प्रगणक एवं सुपरवाइजर प्रातः 9 बजे से सायं 6 बजे तक पूरे दिन अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर कार्य करेंगे।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे समय रहते निर्वाचक नामावली का अवलोकन कर आवश्यक सुधार हेतु दावा या आपत्ति अवश्य प्रस्तुत करें, ताकि आगामी चुनाव में किसी भी पात्र मतदाता का नाम वंचित न रह जाए।

