खैरथल

भिवाड़ी में मजदूर हितों को लेकर जिला कलेक्टर ने उद्योगपतियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। भिवाड़ी क्षेत्र में मजदूरों के विरोध को देखते हुए जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल में जिले के सभी इंडस्ट्रियल एसोसिएशन एवं उद्योगपतियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में श्रमिकों के अधिकारों एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी उद्योगपति मजदूरों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। साथ ही कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए मजदूरों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके।
इसके अतिरिक्त फैक्ट्रियों में संचालित कैंटीन व्यवस्था को सुचारु रखने, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा सभी मजदूरों को उचित मेडिकल सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए गए। श्रमिकों को नियमानुसार अवकाश उपलब्ध कराने कि बात कही।
जिला कलेक्टर ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि यदि कोई असामाजिक तत्व मजदूरों को सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य प्रकार से भड़काने या माहौल खराब करने का प्रयास करता है तो ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
जिला कलेक्टर ने उप आयुक्त श्रम विभाग को निर्देश दिए गए कि औद्योगिक इकाइयों द्वारा वेतन भुगतान के बाद ठेका श्रमिकों से संपर्क कर क्रॉस वेरिफिकेशन किया जाए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि ठेकेदारों द्वारा मजदूरों को समय पर पूरा वेतन मिल रहा है या नहीं। यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही जिला कलेक्टर ने अधिकारियों, उद्योगपतियों एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि श्रमिकों को प्रभावी श्रम कानूनों एवं नियमों की जानकारी सरल भाषा में दी जाए, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि मजदूरों में विश्वास कायम करना प्रशासन और उद्योगों की साझा जिम्मेदारी है, इसलिए संवाद और पारदर्शिता बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही निर्देश दिए गए कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या असामान्य गतिविधि की सूचना मिले तो उसे तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा उनके कल्याण एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रभावी कदम उठाने का कार्य कर रही है।
बैठक के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्रा, उप आयुक्त श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा सहित औद्योगिक संगठन के पदाधिकारी एवं उद्योगपति मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button