गाजियाबाद
लोनी में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने पर बवाल, प्रदर्शन के बाद दो आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली-सहारनपुर मार्ग घंटों जाम; नई प्रतिमा स्थापित कर प्रशासन ने हालात संभाले

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी थाना बॉर्डर क्षेत्र की इंद्रपुरी कॉलोनी के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने से सोमवार सुबह क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष मौके पर एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर मार्ग को जाम कर नारेबाजी भी की।
सूचना पर एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम, एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा, पूर्व अध्यक्ष डॉ. विनोद बंसल और भीम आर्मी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय विधायक ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
त्वरित कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
नई प्रतिमा को लेकर भी हुआ विवाद
क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई मूर्ति स्थापित करने के प्रयास में भी कुछ समय के लिए विवाद उत्पन्न हुआ। प्रदर्शनकारियों ने पहली लाई गई प्रतिमा को अस्वीकार कर दूसरी मूर्ति मंगवाने की मांग की। बाद में प्रशासन द्वारा दूसरी प्रतिमा मंगवाकर स्थापित कराई गई, जिससे स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।
जाम से जनजीवन प्रभावित
प्रदर्शन के कारण दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लोग घंटों फंसे रहे। बाद में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शन समाप्त कराया गया और यातायात बहाल किया गया।
बसपा जिलाध्यक्ष का बयान
बसपा जिलाध्यक्ष मनोज ने कहा कि उनके कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरने पर बैठे थे और प्रशासन से नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे थे। साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन ने तत्परता और समझदारी से स्थिति को नियंत्रित किया।


