नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। कस्बे के बेदोवाला कुआं बाजार में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा व्यापारी की दुकान में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में व्यापारी और उसका भाई बाल-बाल बच गए, लेकिन वारदात से बाजार में दहशत फैल गई।
मोहल्ला दरबारकलां निवासी सुहैल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसकी बेदोवाला कुआं बाजार में कपड़े की दुकान है।आरोप है कि क्षेत्र के कुछ युवकों का एक गिरोह सक्रिय है, जो आए दिन बाजार में घूमकर दुकानदारों पर दबाव बनाता है और गाली-गलौज करता है। पीड़ित के अनुसार,19 अप्रैल की शाम करीब पांच बजे वह अपने भाई तौसीफ के साथ दुकान पर मौजूद था। तभी मोहल्ला अंसारियान निवासी आलम, मुस्तफा व सल्लू अपने साथियों के साथ लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए दुकान में घुस गए। आरोप है कि आरोपियों ने सुहैल पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। बचाव में आए उसके भाई तौसीफ को भी हमलावरों ने पीट दिया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों भाइयों को बचाया। भीड़ जुटती देख हमलावर मौके से फरार हो गए। बताया गया कि भागते समय आरोपी अपने कुछ लाठी-डंडे और सरिये मौके पर ही छोड़ गए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने खुद को कस्बे का नामी बदमाश बताते हुए रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

