बरेली
मण्डलायुक्त ने मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति एवं जी०बी०सी० 1 से 5 की करी समीक्षा
नाथधाम एम०एस०एम०ई० टाउनशिप योजना हेतु बीडीए द्वारा भूमि क्रय की कार्यवाही की गयी प्रारम्भ

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस0 चौधरी की अध्यक्षता में आज मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति एवं जी०बी०सी० 1 से 5 की समीक्षा बैठक कमिश्नरी स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में सचिव बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा नाथ धाम एम०एस०एम०ई० टाउनशिप योजना की प्रगति के संबंध में अवगत कराया गया कि चार ग्रामों (रसूला चौधरी, मिटौरा नौगवां उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली एवं रहपुरा जागीर) की कुल 126.3043 हे० भूमि भू-स्वामियों/कृषकों से आपसी सहमति के आधार पर बरेली विकास प्राधिकरण के पक्ष में क्रय किये जाने पर आने वाले व्ययों के अनुमोदन के संबंध में प्रस्ताव स्वीकृत किया जा चुका है। दिनांक 22 अप्रैल 2026 से भूमि क्रय प्रारम्भ कर दी गयी है। फायर स्टेशन के साथ यूपीसीडा कार्यालय एवं डाटा सेंटर का निर्माण भी प्रेषित किया गया है।
बैठक में उपस्थित अध्यक्ष भोजीपुरा औद्योगिक आस्थान अजय शुक्ला द्वारा अवगत कराया गया कि औद्योगिक आस्थान भोजीपुरा में जल निकासी की समस्या है, जिसका स्टीमेट भी उपायुक्त उद्योग द्वारा उद्योग निदेशालय को प्रेषित किया जा चुका है, जिस पर मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि उपायुक्त उद्योग बजट आवंटन के लिये व्यक्तिगत रूप से प्रयास कर आगामी बैठक से पूर्व अद्यतन प्रगति से अवगत करायें।
परसाखेड़ा इण्डस्ट्रियल एरिया एवं सी०बी० गंज औद्योगिक आस्थान की निर्बाध विद्युत आपूर्ति के संबंध में मुख्य अभियन्ता द्वारा अवगत कराया गया कि अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती कर दी गयी है, जिस पर उद्यमियों द्वारा सहमति प्रदान की गयी एवं विद्युत विभाग से संबंधित प्रकरण एजेण्डा बिन्दु से निक्षेपित करने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष फरीदपुर इंडस्ट्रियलिस्ट एसोसिएशन गुरप्रीत सिंह ने अवगत कराया कि कृषि आधारित उद्योग एवं विनियर, प्लाईवुड, आरा मशीन के उद्योग हेतु कृषि उत्पादन मंडी समिति के द्वारा गेट पास जारी किया जाता है, जिसकी समय एवं दिनांक ई-वे बिल के अनुसार नहीं होती है। कृषि उत्पादन मंडी समिति के विभागीय पोर्टल पर टाइम बढ़ाने का ऑप्शन ही नहीं आता है। बैठक में उपस्थित उप निदेशक, मण्डी समिति ने अवगत कराया कि मण्डल समिति का नया पोर्टल डेवलेप हो रहा है जो कि माह मई 2026 से लागू हो जायेगा। नवीन पोर्टल के डेवलेपमेंट हेतु अलग अलग उद्यमी संगठनों के साथ पोर्टल की कार्यप्रणाली प्रदर्शित करते हुए उद्यमियों के सुझाव लिये जा रहे है। जिस निर्देश दिए गए कि उप निदेशक, मंडी समिति ई-वे बिल के अनुसार ही मण्डी समिति के गेट पास की व्यवस्था हेतु आयुक्त महोदय के स्तर से शासन को पत्र प्रेषित करायें।
बैठक में सचिव बरेली विकास प्राधिकरण वंदिता श्रीवास्तव, संयुक्त आयुक्त उद्योग श्रीनाथ पासवान, उपायुक्त उद्योग विकास यादव, मुख्य अभियन्ता विद्युत ज्ञान प्रकाश, उपनिदेशक पर्यटन रविन्द्र कुमार, उद्यमीगण अजय शुक्ला, अभिनव अग्रवाल, गुरप्रीत सिंह, एस०के० सिंह, मयूर धीरवानी, आशुतोष शर्मा, उन्मुक्त संभव शील, विमल रेवाड़ी, मो० आरिफ सहित सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



