बरेली
बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने किया कैंप का उद्घाटन
हैंडहैल्ड एक्स-रे मशीनों से जगह- जगह जाकर किए जा रहे एक्स-रे

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : जनपद बरेली में क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 24 मार्च 2026 से 100 दिवसीय सघन अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। इसी क्रम में आज सांसद छत्रपाल गंगवार ने शहरी क्षेत्र बिहारीपुर में आयुष्मान शिविर का उद्घाटन किया। उन्होंने एक्स-रे कराने आए सभी लोगों से जनपद में संचालित टीबी कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और शिविर में हो रही निःशुल्क एक्स-रे एवं अन्य जांचों का लाभ उठाएं। यदि कोई व्यक्ति टीबी रोगी पाया जाता है, तो उसका उपचार का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सभी अधिक से अधिक संख्या में आकर जांच कराएं और इस सघन अभियान का हिस्सा बनें। इसकी शुरुआत अपने घर से करें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें और ज्यादा से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग कराएं, ताकि कोई भी टीबी का मरीज उपचार से वंचित न रहे। आपका सहयोग महत्वपूर्ण है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. इंतजार हुसैन ने बताया कि 100 दिवसीय जागरुकता अभियान के लिए राज्य स्तर से उच्च जोखिम वाले गांव की सूची निर्धारित करके भेजी गई है। वह सूची सभी ब्लॉक को उपलब्ध करा दी गई है। उन ग्राम और शहरी आबादी में संचालित 6 हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीनों के द्वारा गांव-गांव जाकर एक्स-रे किए जा रहे हैं, साथ ही एक्स-रे की रिपोर्ट सही नहीं आने पर उनके बलगम के सैंपल भी जांच के लिए लिए जा रहे हैं । कैंप में टीबी के साथ-साथ अन्य जांच भी की जा रही हैं।




