शामली
नौकरी का झांसा देकर 1.50 लाख की ठगी, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
शामली। जनपद में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली शामली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम लांक निवासी शिवम पुत्र अनिल कुमार से नौकरी दिलाने के नाम पर अलग-अलग तिथियों में 1,50,000 रुपये की ठगी की गई थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली शामली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के आदेशानुसार चलाए जा रहे संदिग्ध वाहन/व्यक्ति चेकिंग अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त मोहित उर्फ आरव पुत्र महेश कुमार निवासी इरशादपुर मजरा, कस्बा जलालाबाद थाना थानाभवन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मुकेश दिनकर, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार व हेड कांस्टेबल राहुल कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी अज्ञात व्यक्ति को धनराशि न दें और ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।


