नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कस्बे के मोहल्ला आलखुर्द में मवेशियों के काम को लेकर हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दो भाइयों पर अपने ही भाई को लाठी-डंडों से पीटकर घायल करने का आरोप है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला आलखुर्द निवासी मसरूफ पुत्र मुस्तफा उर्फ मुसरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी के साथ मवेशियों के चारे का काम करता है, जबकि उसके भाई अकबर और शुऐब सहयोग नहीं करते। आरोप है कि 25 अप्रैल की सुबह करीब छह बजे उसने दोनों से मवेशियों को चारा डालने और दूध निकालने में मदद करने के लिए कहा, जिस पर विवाद हो गया।
पीड़ित के अनुसार, दोनों भाइयों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान उसे कई टांके लगाने पड़े। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। आरोप है कि घटना के बाद आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने कोतवाली कैराना में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
