कैराना

ऑपरेशन ‘सवेरा’ में पुलिस की बड़ी कामयाबी

34 लाख की स्मैक के साथ तस्कर दबोचा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत कैराना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है,  जिसके कब्जे से 168 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 34 लाख रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला एवं क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कैराना पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर खुरगान-मंडावर मार्ग पर नयागांव स्थित पानी की टंकी के पास घेराबंदी की। इस दौरान मंडावर निवासी नूरहसन पुत्र फतेहदीन को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 168 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना कैराना में मुकदमा अपराध संख्या 295/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अब आरोपी के नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है, ताकि इसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक का पता लगाया जा सके और पूरे गिरोह का खुलासा किया जा सके। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक युनुस खान, हेड कांस्टेबल ज्योति प्रकाश, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल बबलू की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button