गाजियाबाद

लोनी में नई सफाई व्यवस्था की शुरुआत

क्या एस बी ए इनवायरो निभा पाएगी ‘स्वच्छ भारत’ का वादा?

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद :  लोनी नगरपालिका परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से एस बी ए इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड ने आज अपने कार्य की शुरुआत  विशेष सफाई अभियान के साथ शुरू की। चेयरमैन रंजीता धामा और अधिशासी अधिकारी के.के. मिश्रा ने कंपनी के नये वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न वार्डों के लिए रवाना किया।
खन्ना नगर पुलिस चौकी के पास मुख्य मार्ग पर आयोजित कार्यक्रम में चेयरमैन रंजीता धामा ने नये वाहनों पर स्वास्तिक बनाकर व फीता काटकर सफाई अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर कंपनी के प्रबंध संचालक शिवम् द्विवेदी,  विजयानंद, मुख्य सफाई निरीक्षक संजीव अवाना सहित सैकड़ों सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। “विशेष सफाई अभियान” के बैनर के साथ शहर को स्वच्छ बनाने का संकल्प दोहराया गया।
गौरतलब है कि लोनी नगरपालिका परिषद ने हाल ही में सफाई कार्य का नया टेंडर एस बी ए इनवायरो प्राइवेट लिमिटेड को दिया है। इससे पहले यह जिम्मेदारी लायन ग्रुप के पास थी, लेकिन वह क्षेत्र को गंदगी से मुक्त कराने में अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सका और अपने कार्यकाल में कई बार विवादों में भी रहा।
कंपनी के संचालक विजयानंद ने दावा किया कि उनकी टीम हर वार्ड में बड़े स्तर पर सफाई कार्य करेगी और किसी भी प्रकार की शिकायत की गुंजाइश नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य लोनी को स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य बनाना है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या नई कंपनी स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को धरातल पर उतार पाएगी या फिर पहले की तरह शिकायतों का सिलसिला जारी रहेगा। नगरवासियों की निगाहें अब इस नई व्यवस्था पर टिकी हैं, जो आने वाले समय में ही तय करेगी कि यह पहल बदलाव लाती है या नहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button