गोड्डा
जनगणना 2027 को लेकर तेज हुई तैयारी
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने किया स्व-गणना और लोगों से की भागीदारी की अपील

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा : भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। स्व-गणना प्रक्रिया को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज 01 मई 2026 को झारखंड सरकार के उद्योग एवं श्रम नियोजन, प्रशिक्षण विभाग के मंत्री संजय प्रसाद यादव ने स्वयं पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना कर एक सकारात्मक संदेश दिया। इस मौके पर मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जो देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण और नीति-निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की सुविधा नागरिकों को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर देती है। मंत्री ने राज्य के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे निर्धारित अवधि 01 मई से 15 मई 2026 के बीच आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी और अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें और इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि स्व-गणना से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की सटीकता भी सुनिश्चित होगी। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्व-गणना के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा स्व-गणना पोर्टल के संचालन और पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी राजेश कुमार पाठक सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



