ललितपुर
अस्पताल से लौट रही महिला और बच्चों के साथ अभद्रता
बीच-बचाव करने आए परिजनों पर धारदार हथियार से हमला
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला तालाबपुरा में एक महिला और उसके बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। दबंगों ने बीच-बचाव करने आए महिला के पति और जेठ पर भी हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति के सिर पर धारदार हथियार लगने से गंभीर चोट आई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तालाबपुरा निवासिनी अरुणा सोनी ने पुलिस को बताया कि रविवार की शाम करीब 7.30 बजे वह अपने चार छोटे बच्चों के साथ अस्पताल से पैदल घर लौट रही थीं। रास्ते में उन्हें मोहल्ले के ही दबंग हेमंत गिरि, उसका पुत्र मोनू गिरी और पत्नी बबली गिरी( कमला) मिले, जो उन्हें बिना किसी कारण के भद्दी-भद्दी गालियां देने लगे। जब अरुणा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके घर के सामने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीडि़ता के अनुसार वह अपने बच्चों की जान बचाकर वहां से भागीं, लेकिन आरोपियों ने उन्हें दौड़कर पकड़ लिया और फिर से पीटा। इसी बीच पीछे से आ रहे उनके पति रामगोपाल सोनी और जेठ अशोक कुमार सोनी ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी लात-घूंसों और लाठी से हमला कर दिया। इस दौरान आरोपियों ने अशोक कुमार के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए और उन्हें इलाज के दौरान सिर में टांके आए हैं। पीडि़ता का आरोप है कि हमलावर क्षेत्र के दबंग व्यक्ति हैं और वारदात के बाद से लगातार पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 352, , 115(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है

