अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
The administration is strict on illegal mining and strict action will be taken under the "zero tolerance" policy.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक समाहरणालय सभागार में मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में अनुदीप सिंह, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, माइनिंग इंस्पेक्टर, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले में चल रहे अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अभियान की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला खनन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 1 अप्रैल से 8 मई तक अवैध खनन से जुड़े मामलों में 22 वाहनों को जब्त किया गया है, जबकि 07 मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को मेजर एवं माइनरल्स से संबंधित नियमों का गहन अध्ययन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पाकुड़ एक इंटर-स्टेट बॉर्डर जिला है, इसलिए वाहनों एवं चालानों की सघन जांच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल वरीय अधिकारियों को दें और बिना विलंब कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को मापी एवं सर्वे कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध खनन के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी चेकनाका की नियमित जांच, अवैध खनन के विरुद्ध सतत अभियान तथा अनुमंडल प्रशासन, पुलिस प्रशासन, परिवहन विभाग एवं खनन विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध दर्ज होने वाली प्राथमिकी की संख्या में कमी नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।



