बरेली
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत थल सेना के साथ निकाली गई साइकिल रैली

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा भारतीय थल सेना के सहयोग से रविवार को संडे ऑन साइकिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में संडे ऑन साईकल विथ इंडियन आर्म्ड फोर्सेस थीम पर साइकिल रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ भारतीय खेल प्राधिकरण से हुआ, जो धोपेश्वर नाथ मंदिर, धोपेश्वर नाथ चौक, कैंटोमेंट हॉस्पिटल, ऑफिसर मैस, अब्दुल हाफिज़ द्वार होते हुए जाट रेजीमेंट सेंटर स्टेडियम पर समाप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान सेना के जवानों और प्रतिभागियों को फिट रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट साइकिल चलाने और नियमित व्यायाम करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जाट रेजीमेंट सेंटर के ब्रिगेडियर हरजीत पाल सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद वर्मा तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के केंद्र प्रभारी संदीप मोहन चौधरी ने प्रतिभागियों का अभिवादन कर किया। इस मौके पर जाट रेजीमेंट सेंटर के सेनाधिकारी, जवान एवं आर्मी बॉयज स्पोर्ट्स कंपनी कैंट बरेली के करीब 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुश्ती प्रशिक्षक नवीन बालियान, सेपकटाकरा प्रशिक्षक मीना कुमारी, उपेंद्र पाल, शुभम चौरसिया, अर्पित बाजपेयी समेत अन्य उपस्थित रहे।



