बागपत
मातृ दिवस पर सारथी वेलफेयर फाउंडेशन ने किया गौ सेवा का प्रेरणादायी आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। मातृ दिवस के पावन अवसर पर सारथी वेलफेयर फाउंडेशन परिवार द्वारा एक विशेष गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गौमाता की सेवा कर भारतीय संस्कृति, संवेदना और मानवता का सुंदर संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने पूरे श्रद्धा भाव, समर्पण और उत्साह के साथ गौमाता की सेवा की। सदस्यों ने गौशाला परिसर में पहुंचकर गायों के लिए ताज़ी हरी सब्जियां काटीं और उन्हें अपने हाथों से प्रेमपूर्वक खिलाया। इस दौरान गौमाता को सहलाकर उनका आशीर्वाद लिया गया। सेवा कार्य के दौरान उपस्थित सभी लोगों के चेहरे पर आत्मिक शांति, संतोष और प्रसन्नता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि मातृ दिवस केवल जन्म देने वाली मां के सम्मान का दिन ही नहीं, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति में पूजनीय गौमाता के प्रति सेवा, संरक्षण और सम्मान प्रकट करने का भी श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा भारतीय परंपरा, संस्कार और मानवता की पहचान है। ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को सेवा, करुणा और संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
सारथी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा समय-समय पर समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, बाल कल्याण, स्वास्थ्य जागरूकता, गौ सेवा एवं जनहित के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सेवा, सहयोग और संवेदना पहुंचाना है।
इस अवसर पर गौशाला के कर्मचारियों का भी विशेष सहयोग रहा, जिनकी व्यवस्था एवं सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से फाउंडेशन अध्यक्ष विकास गुप्ता, उपाध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सचिव अनिल अरोरा, उपसचिव सचिन खोखर, अमित जैन, महिला सचिव आशा ग्रोवर, मोनिका, अंशिका जैन, प्रिंस गुप्ता तथा चाइल्ड हेल्पलाइन प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वंदना गुप्ता सहित अनेक सदस्यों ने सहभागिता कर गौ सेवा का धर्म लाभ प्राप्त किया।
अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे, ताकि समाज में सेवा, संस्कार और संवेदनशीलता की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सके।
“गौ सेवा ही सच्ची सेवा है।”



