
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारतीय शिक्षण मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय केशव भवन में आयोजित की गई, जिसमें आगामी मंडल स्तरीय परिचय वर्ग की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जनपद के जिम्मेदार पदाधिकारियों ने अपने सुझाव रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। बताया गया कि मंडलीय परिचय वर्ग का आयोजन 16 मई 2026 की सायंकाल से 17 मई 2026 की सायंकाल तक मां शबरी वनवासी छात्रावास में किया जाएगा। इस वर्ग में जालौन, झांसी और ललितपुर के सम्मानित दायित्वधारी, पूर्व दायित्वधारी एवं सदस्य शामिल होंगे। बैठक के दौरान प्रतिभागियों की सूची तैयार की गई तथा आवास, भोजन, पंजीकरण सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि वर्ग में संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुनील का मार्गदर्शन एवं उद्बोधन प्राप्त होगा। बैठक में विभाग संयोजक मनोज तिवारी, जिला संयोजक सुरेश प्रकाश कौंते, डा.राजेंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, हाकिम सिंह, करुणाकर शर्मा, बृजेश शर्मा, उमाशंकर चौबे तथा डा.जगवीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी ने वर्ग को सफल एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।

