
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक ने रिजर्व पुलिस लाइन का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गणना कार्यालय, डायल-112, परिवहन शाखा, पुलिस मैस, बैरकों तथा आवासीय भवनों का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने पुलिस लाइन परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, वाहनों की स्थिति, बैरकों में उपलब्ध सुविधाओं तथा पुलिस कर्मियों के लिए उपलब्ध मूलभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं, ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस अधीक्षक ने बैरकों और कार्यालयों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। वहीं डायल-112 और परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान वाहनों के बेहतर रख-रखाव और आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और कर्मचारियों की सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, स्वच्छता और कार्यकुशलता बनाए रखते हुए बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर सुनील कुमार भारद्वाज तथा प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।



