
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनारचक में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान महेश कुंवर (26वर्ष), पिता कलयुग कुंवर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महेश गोवा में मजदूरी का कार्य करता था और सोमवार को ही घर वापस लौटा था।
मृतक की पत्नी सुषमा देवी ने बताया कि रात लगभग 12 बजे महेश गांधीग्राम गया था और वहां से शराब पीकर घर लौटा था। इसके बाद उसने सभी लोगों को बाहर कर घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर परिजनों को शक हुआ। इसी दौरान घर के अंदर से धुआं बाहर निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद परिजनों ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देख सभी स्तब्ध रह गए। महेश ने तार से गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतक अपने पीछे पत्नी एवं दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है, जिनकी उम्र लगभग 7 वर्ष और 6 वर्ष बताई जा रही है। पत्नी ने बताया कि महेश अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। मृतक कि मां भी गोवा में काम करती है। घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी एवं सहायक अवर निरीक्षक गौरव यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है तथा आत्महत्या का मामला लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



