गोड्डा

कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा : एसपी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

गोड्डा। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों को कड़ा संदेश देते हुए साफ शब्दों में कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई तय है। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में होने वाली हर छोटी-बड़ी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहनी चाहिए। थाना क्षेत्र में अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था, असामाजिक तत्वों की गतिविधियां तथा सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्ती, वाहन जांच और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की शिकायतों को गंभीरता से लें और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करें।
एसपी ने दो टूक कहा कि यदि किसी थाना क्षेत्र में लापरवाही, शिकायतों की अनदेखी, अनुशासनहीनता या जनता के साथ गलत व्यवहार की शिकायत मिली तो संबंधित पुलिस पदाधिकारी सीधे कार्रवाई के दायरे में होंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस की असली पहचान जनता में सुरक्षा, विश्वास और न्याय का माहौल कायम करना है। इसलिए हर पुलिस अधिकारी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button