ललितपुर
विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर जागरूकता अभियान शुरू
एक माह तक चलेंगे स्क्रीनिंग कैम्प, लोगों को साइलेंट किलर से बचाव के लिए किया जाएगा जागरूक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर सीएमओ कार्यालय सभागार में गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) के प्रति लोगों को जागरूक करने और समय पर जांच व उपचार सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत 17 मई से 16 जून 2026 तक पूरे जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग में उच्च रक्तचाप के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर पहचान करना तथा मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ निशुल्क स्क्रीनिंग कैम्प भी लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहरी मलिन बस्तियों और दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष मेडिकल कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां उच्च रक्तचाप के साथ-साथ डायबिटीज और कैंसर जैसी गैर-संचारी बीमारियों की शुरुआती जांच भी की जाएगी। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों और चिकित्सकों के लिए वेबिनार भी आयोजित होंगे। डा.सौरभ सक्सेना ने बताया कि इस वर्ष की थीम एक साथ मिलकर उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करें, नियमित रूप से अपने रक्तचाप की जांच करें, इस साइलेंट किलर को हराएं रखी गई है। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप को साइलेंट किलर कहा जाता है, क्योंकि शुरुआती चरण में इसके लक्षण दिखाई नहीं देते और यह हृदय, मस्तिष्क, किडनी व आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। गोष्ठी में चिकित्सकों ने लोगों को संतुलित आहार अपनाने, नमक का सीमित सेवन करने, नियमित व्यायाम करने, तनाव कम रखने और नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट व्यायाम, पर्याप्त नींद और योग-मेडिटेशन उच्च रक्तचाप से बचाव में मददगार हैं। कार्यक्रम में अपर सीएमओ डा.वीरेंद्र सिंह, परामर्शी चिकित्सक डा.हुसैन खान, जिला प्रशासनिक अधिकारी हेमंत कुमार, अपर शोध अधिकारी अजय सागर, एपिडेमियोलॉजिस्ट डा.देशराज सिंह सहित सीएमओ कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



