ललितपुर
बिजली व्यवस्था पर सख्त हुए सदर विधायक
अधिकारियों को 24 घंटे में समस्याएं दूर करने के निर्देश

कटौती, लो-वोल्टेज और जर्जर लाइनों को लेकर समीक्षा बैठक, खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदलने के आदेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में लगातार सामने आ रही विद्युत समस्याओं और आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर बिजली व्यवस्था की स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज की समस्या, जर्जर विद्युत तारों तथा बार-बार खराब हो रहे ट्रांसफार्मरों को लेकर अधिकारियों से जवाब तलब किया गया। सदर विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता को निर्बाध एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना चाहिए और विद्युत संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक के दौरान विधायक ने अधिकारियों के पेंच कसते हुए निर्देशित किया कि जनपद में विद्युत व्यवस्था से जुड़ी सभी प्रमुख समस्याओं का 24 घंटे के भीतर निराकरण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, जर्जर विद्युत लाइनों की मरम्मत कराने तथा शिकायत निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। रामरतन कुशवाहा ने कहा कि सरकार आम जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और विद्युत व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में सक्रिय रहकर समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



