कैराना
डेयरी पर दूध लेने गए बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने रौंदा
पैर की दो जगह हड्डी टूटी, मुकदमा दर्ज
हादसे के बाद चालक बाइक समेत फरार, घायल पानीपत के अस्पताल में आईसीयू में भर्ती
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। झाड़खेड़ी रोड पर डेयरी से दूध लेने गए एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग के पैर की दो जगह हड्डी टूट गई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला दरबारखुर्द निवासी शहनाज पत्नी शोकीन ने थाना कैराना में दी तहरीर में बताया कि उनके ससुर दीन मोहम्मद 14 मई की शाम करीब छह बजे झाड़खेड़ी रोड स्थित हैदर हॉस्पिटल के सामने एक डेयरी पर दूध लेने गए थे। आरोप है कि जैसे ही वह डेयरी के निकट पहुंचे, तभी काले रंग की स्प्लेंडर बाइक संख्या एचआर 06आग एए 3286 पर सवार दो युवक तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाते हुए आए और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीन मोहम्मद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर की दो जगह हड्डी टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं। हादसे के बाद बाइक सवार बिना रुके मौके से फरार हो गए। घटना के प्रत्यक्षदर्शी मोमीन और तासिम समेत अन्य लोगों ने घायल को तत्काल कैराना के ओमेक्स हॉस्पिटल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार पानीपत के एक अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। पीड़िता शहनाज ने बताया कि ससुर के इलाज और देखभाल में व्यस्त रहने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई जा सकी। अब पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बाइक चालक की तलाश की जा रही है।



