
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद : थाना अंकुर विहार पुलिस ने दो वाहन चोरों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 18 वाहन बरामद करने का दावा किया है। बरामद वाहनों में 12 मोटरसाइकिल, 5 स्कूटी और 1 विक्की शामिल है। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए कई वाहन दिल्ली और गाजियाबाद क्षेत्र से चोरी किए गए थे।
सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि डाबर तालाब चौकी क्षेत्र में वाहन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने शक होने पर दो युवकों को रोककर पूछताछ की। जांच के दौरान दोनों वाहन चोर निकले, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमजद पुत्र चांद बाबू निवासी प्रेमनगर, लोनी तथा बिलाल पुत्र रहीसुद्दीन निवासी डाबर तालाब, अंकुर विहार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः 25 और 22 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी माजिद के साथ मिलकर दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी करने का काम करते थे। इसके बाद वे चोरी किए गए वाहनों को बेच देते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने की फिराक में थे, तभी वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ लिए गए।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक अन्य सदस्य माजिद पुत्र शौकीन निवासी प्रेमनगर, लोनी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
बरामद वाहनों के संबंध में दिल्ली और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। इस मामले में थाना अंकुर विहार में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




