गोड्डा
युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : लोकेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकोर्ड) की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं नशे के सेवन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संचालित विभिन्न अभियानों की विस्तृत समीक्षा की गई। दौरान उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि समाज में नशामुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा सके। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए तथा स्कूल परिसरों के 100 मीटर की परिधि में नशापान से संबंधित किसी भी प्रकार की वस्तु की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहे। इस संबंध में सभी विद्यालय प्रधानाध्यापकों से लिखित प्रमाण-पत्र प्राप्त करने का निर्देश भी दिया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक प्रखंड को उपलब्ध कराए गए प्रोजेक्टर के माध्यम से विद्यालयों में चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित कर नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव एवं बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्मों का प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जागरूक करने के लिए नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने आगामी माह में आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में सभी अंचल के पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभा समाप्ति के उपरांत ग्रामीणों को “नशा मुक्त ग्राम” बनाने की शपथ अनिवार्य रूप से दिलाई जाए, ताकि ग्रामीण स्तर पर भी नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण हेतु संयुक्त अभियान चलाते रहें। दौरान जिला प्रशासन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।



