पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए पीएचईडी का विशेष अभियान
30 अवैध कनेक्शन काटे

खैरथल : अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) द्वारा राजस्थान में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य रूप से गर्मी के मौसम में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत् उपखंड खैरथल में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक अभियंता शक्ति सिंह एवं कनिष्ठ अभियंता बबलू कुमार के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जोगी वाड़ा, मंडी बाईपास, हनुमान पहाड़ी, गणेश मंदिर साइड तथा पटनियाना मोहल्ला सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच कर कार्रवाई की गई। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन क्षेत्रों में 30 से अधिक अवैध जल कनेक्शन काटे गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार अवैध कनेक्शनों के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिससे नियमित उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया।
कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन से वैध जल कनेक्शन लेने एवं विभाग का सहयोग करने की अपील की गई।

