बरेली
रिठौरा पुलिस चौकी पर नए प्रभारियों ने संभाला जिम्मा
बोले— कानून व्यवस्था से नहीं होगा कोई समझौता

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : रिठौरा नगर पंचायत कस्बा पुलिस चौकी में एक महीने से अधिक समय से रिक्त चल रहे चौकी प्रभारी के पद पर नई तैनाती कर दी गई है। नवागत चौकी प्रभारी राजीव कुमार शर्मा और द्वितीय उपनिरीक्षक (एसआई) चंद्रपाल सिंह ने रिठौरा पुलिस चौकी पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालते ही नए चौकी प्रभारी ने साफ कर दिया है कि सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप क्षेत्र में सुदृढ़ कानून व्यवस्था कायम करना ही उनका एकमात्र लक्ष्य है।
चार्ज संभालने के बाद पत्रकारों से वार्ता करते हुए नवागत चौकी प्रभारी राजीव कुमार शर्मा ने अपनी कार्यशैली स्पष्ट की और अपराधियों व अतिक्रमणकारियों को सख्त संदेश दिया।नए चौकी प्रभारी ने कड़े रुख में कहा कि कस्बे की शमशान भूमि, बाइक सेल की दुकानों और हाईवे के किनारे अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वाले, खुराफातियों और माहौल बिगाड़ने की साजिश रचने वालों के साथ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी, उन्हें सीधे जेल भेजा जाएगा। इसके विपरीत, कानून का पालन करने वाले और संभ्रांत नागरिकों को पुलिस की ओर से पूरा सम्मान और सुरक्षा प्रदान की जाएगी।



