बरेली

कलारी में स्कूल रेडीनेस मेले की धूम

प्रोटोकॉल भूल नौनिहालों को दुलारती दिखीं सीडीओ

 नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो                   
बरेली। विकास खंड बिथरी चैनपुर के ग्राम पंचायत कलारी के सभागार में शनिवार को बाल विकास परियोजना एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘स्कूल रेडीनेस मेले’ का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। मेले में उस समय एक बेहद भावुक और सुंदर नजारा देखने को मिला, जब जनपद की मुख्य विकास अधिकारी  कु० देवयानी यादव प्रशासनिक प्रोटोकॉल को दरकिनार कर नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच जमीन पर बैठ गईं और उन्हें अपनी गोद में उठाकर खूब लाड-दुलार किया। सीडीओ का यह ममतामयी रूप देखकर सभागार में मौजूद हर शख्स भावविभोर हो उठा।
इससे पहले मेले का विधि-विधान से शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी कु० देवयानी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) मनोज कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) विमला कुमारी, डॉ शिखा अग्रवाल, तथा प्रथम संस्था के जितेंद्र कुमार यादव व रामजी गुप्ता ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मेले को आकर्षक बनाने के लिए तमाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर रंग-बिरंगे और ज्ञानवर्धक स्टाल लगाए थे। सीडीओ, डीपीओ और डॉ शिखा अग्रवाल ने सभी स्टालों का बारीकी से निरीक्षण किया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के इस जमीनी प्रयास की जमकर पीठ थपथपाई।
मेले में आयोजित विभिन्न खेलकूद और बौद्धिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौनिहालों को सीडीओ ने अपने हाथों से पुरस्कृत किया। मेडल और उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से दमक उठे।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान नसरीन बी, पूजा मिश्रा, लक्ष्मी गंगवार, आंगनबाड़ी कार्यकत्री सीमा कुमारी, नीलम मौर्य, सुनीता देवी, मीना देवी, रीना पटेल, खुशी, सुशीला, राधा, लज्जावती, डिंपल पटेल, खुशबू सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय संभ्रांत नागरिक और बच्चों के अभिभावक मुख्य रूप से मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button