ललितपुर
अमन-चैन और भाईचारे की दुआओं के साथ मुकम्मल हुई ईद की नमाज
अकीदत और उत्साह के साथ मनाई गई ईद-उल-अजहा

ईदगाह समेत 13 मस्जिदों में अदा की गई नमाज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले में त्यौहारों की पावन परंपरा को कायम रखते हुए ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्यौहार बेहद अकीदत, अदब और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर की मुख्य ईदगाह सहित विभिन्न 13 मस्जिदों में नमाजियों ने पूरे हुजूम के साथ खुदा की बारगाह में सिर झुकाया। शहर की ऐतिहासिक ईदगाह में नमाज की अदा की गई। नमाज मुकम्मल होने के बाद मुल्क में अमन, चैन, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए खुसूसी दुआ मांगी गई। इस दौरान पूरा माहौल रूहानी और अमन के रंग में सराबोर नजर आया।
……..
शहर पेश इमाम ने पढ़ा खुतबा, गले मिलकर दी मुबारकबाद
ईदगाह में नमाज की इमामत शहर पेश इमाम हाफिज मुबीन खान ने की। नमाज के बाद उन्होंने ईद का पारम्परिक ‘खुतबा’ पढ़ा, जिसे वहां मौजूद हजारों नमाजियों ने पूरी शिद्दत और अकीदत के साथ सुना। इमाम साहब ने अपने संबोधन में त्याग, बलिदान और नेकी की राह पर चलने का संदेश दिया।जैसे ही नमाज और दुआ का सिलसिला संपन्न हुआ, ईदगाह परिसर और उसके बाहर मुबारकबाद का दौर शुरू हो गया। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की दिली मुबारकबाद दी। बड़ों ने छोटों को दुआएं दीं, तो वहीं बच्चों में त्योहार को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर असलम कुरैशी, आरिफ कुरैशी, मोहम्मद नसीम, मुस्तफा मेंबर, इमरान मंसूरी, हमीद मंसूरी, जावेद अली, हैदर अली, खुर्शीद आलम, शाकिर अली, रज्जब अली, यूसुफ मंसूरी, मुश्ताक खान मेंबर, सरफराज मेंबर, शमीम खान, अख्तर मास्टर, अंसार कुरैशी, मोहम्मद वसीम राजा, परवेज पठान, करीम पप्पू राईन, हाजी साबिर अली, इम्तियाज खान आदि मौजूद रहे।
…….
नेताओं ने दी बधाई, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी झलक
इस खास मौके पर जिले की गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत झलक भी देखने को मिली। ईदगाह के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उन्होंने मुस्लिम भाइयों को गले लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दीं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
…..
प्रशासनिक अमला रहा मुस्तैद, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
त्योहार को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन सुबह से ही पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए खुद आला अधिकारी मैदान में डटे रहे। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक इसके साथ ही एडीएम, एसडीएम सदर, सीओ सदर,नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी सहित भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहे।



