दिल्लीराजनीतिराष्ट्रीय

पीएम मोदी समेत इन नेताओं ने जताया सुमन कल्याणपुर के निधन पर दुख

उनकी गायकी की तारीफ करते हुए लिखी ये बात

नई दिल्ली। दिग्गज सिंगर सुमन कल्याणपुर के निधन पर कई नेताओं ने दुख जताया है। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने उनके निधन पर दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को मशहूर गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने सुमन कल्याणपुर की सुरीली आवाज और दिल को छू लेने वाली गायकी को याद किया है। सिंगर के निधन पर कई दूसरे नेताओं ने भी दुख जताया है। गायिका सुमन कल्याणपुर का निधन मुंबई स्थित उनके आवास पर 89 वर्ष की आयु में हुआ। वह उम्र से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही थीं।
पीएम मोदी ने जताया दुख-एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘लोकप्रिय गायिका सुमन कल्याणपुर जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उनकी सुरीली आवाज और दिल को छू लेने वाली गायकी ने हमारे सांस्कृतिक जगत को समृद्ध किया। अपने गीतों के जरिए उन्होंने संगीत प्रेमियों और भारतीय सिनेमा के प्रशंसकों के दिलों में एक खास जगह बनाई। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘दिग्गज गायिका सुमन कल्याणपुर के निधन के साथ ही, भारतीय संगीत जगत की एक मधुर, सुरीली और रूह को छू लेने वाली आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। छह दशकों से भी अधिक समय तक, उन्होंने अपनी बेजोड़ गायकी से संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया। मराठी, हिंदी, बंगाली, ओडिया और अन्य भाषाओं में गाए उनके अमर गीत संगीत जगत की एक अमूल्य धरोहर हैं। ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित सुमन जी ने अपनी जादुई आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनके गीतों की मिठास और उनमें समाए भाव हमेशा हमारी यादों में ताजा रहेंगे। उनका निधन संगीत जगत के लिए एक गहरी क्षति है। मैं उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। हम उनके परिवार के दुख में उनके साथ हैं। ॐ शांति!’
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सिंगर के निधन को लेकर एक्स पर लिखा ‘मराठी भावगीतों, भक्तिगीतों और फिल्मी गीतों में भी उन्होंने अपनी गायकी से एक अमिट छाप छोड़ी है। न केवल मराठी में, बल्कि हिंदी, गुजराती और बंगाली भाषाओं में भी उन्होंने अनगिनत रचनाएं गाईं। संगीत के क्षेत्र में उनकी असीम सेवा को मान्यता देते हुए, भारत सरकार ने वर्ष 2023 में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘पद्म भूषण’ पुरस्कार से सम्मानित किया। आज वह हमारे बीच नहीं हैं, फिर भी उनकी आवाज अमर है। समय का चक्र चलता रहेगा, पीढ़ियां बदलती रहेंगी, लेकिन सुमन कल्याणपुर की मधुर और हृदयस्पर्शी आवाज भारतीय संगीत के आकाश में हमेशा गूंजती रहेगी। भावभीनी श्रद्धांजलि…’
नितिन गडकरी ने दी श्रद्धांजलि-इससे पहले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने भी इस गायिका के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा ‘भारतीय संगीत जगत की लोकप्रिय, दिग्गज और सीनियर गायिका पद्म भूषण सुमन कल्याणपुर के निधन की खबर बेहद दुखद है। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। सुमन कल्याणपुर का जाना भारतीय संगीत जगत के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने मराठी, हिंदी और कई अन्य भाषाओं में अपनी आवाज से हजारों गीतों को अमर कर दिया।’
सुमन कल्याणपुर के मशहूर गाने-सुमन कल्याणपुर का जन्म 28 जनवरी, 1937 को सुमन हेम्माडी के रूप में हुआ था। उन्होंने सात दशकों से भी अधिक लंबा और शानदार करियर बनाया। उनके सबसे मशहूर गीतों में ‘ना तुम हमें जानो’, ‘आजकल तेरे मेरे प्यार के चर्चे’, ‘ना ना करते प्यार’, ‘मेरा प्यार भी तू है’, ‘दिल एक मंदिर है’, ‘बहना ने भाई की कलाई पे’ और कई मराठी गीत शामिल हैं। उन्होंने हिंदी, मराठी, बंगाली, गुजराती और अन्य भारतीय भाषाओं में हजारों गीत रिकॉर्ड किए।
भारतीय संगीत में उनके योगदान को देखते हुए, कल्याणपुर को वर्ष 2023 में ‘पद्म भूषण’ से सम्मानित किया गया था।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button