
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ (यूपी) : इंजीनियरिंग कॉलेज के मालिक और लकड़ी व्यापारी बड़े उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर बदमाशों ने डाली डकैती । परिवार को बंधक बनाकर सोना और नगदी लूटकर बदमाश फरार । शहर के बड़े उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के घर हथियारबंद बदमाशों ने देर रात डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। मौके पर DIG कलानिधि नैथानी सहित पुलिस मौके पर जांच में जुटी ।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में देर रात हुई डकैती की एक बड़ी वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गिरधारी नगर स्थित प्रसिद्ध उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल उर्फ “कबाड़ी” के घर में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम दिया है ।
जानकारी के अनुसार, देर रात चार अज्ञात बदमाश घर में घुस गए और सबसे पहले चौकीदार को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को गन प्वाइंट पर बंधक बना लिया। करीब कुछ समय तक घर में आतंक मचाने के बाद बदमाश लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वारदात की गंभीरता को देखते हुए मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी भी घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी ली। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है।
फोरेंसिक और सर्विलांस टीमों को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों के आने-जाने के रास्तों की पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि नरेंद्र अग्रवाल स्थानीय व्यापार जगत का बड़ा नाम हैं और कई रियल एस्टेट कंपनियों से भी जुड़े हुए हैं। पुलिस का कहना है कि घटना के जल्द खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके में इस वारदात को लेकर दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि, थाना हापुड़ देहात क्षेत्रान्तर्गत मौ0 गिरधारी नगर स्थित एक मकान में घुसकर 04 अज्ञात व्यक्तियों द्वारा पीड़ित परिवार व चौकीदार को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना कारित की गई है, प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना हापुड़ देहात पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है, घटना के अनावरण हेतु जनपद स्तर पर 04 टीमें गठित की गई है व रेंज स्तर की 03 टीमों का सहयोग मिला है एवं घटनास्थल का उच्चाधिकारीगण द्वारा निरीक्षण करने व सीसीटीवी फुटेज चैक करने पर महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। वादी द्वारा कुछ पारिवारिक तथ्यों के बारे में भी अवगत कराया गया है, शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।



