गाजियाबाद

नाला खुदाई के बीच गिरी तीन मंजिला इमारत, बड़ा हादसा टला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाज़ियाबाद के लोनी क्षेत्र के अंकुर विहार थाना इलाके में जिंदल रोड पर बुधवार को एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से कराए जा रहे नाला निर्माण कार्य की खुदाई के कारण इमारत की नींव कमजोर हो गई थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ।
गिरी हुई इमारत के भूतल पर पुष्पेंद्र की मोटरसाइकिल वर्कशॉप संचालित होती थी। बिल्डिंग गिरने से वर्कशॉप में मरम्मत के लिए खड़ी तीन से चार मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि दुकान में रखा सामान भी मलबे में दबकर खराब हो गया। हादसे के दौरान पास में लगा बिजली का एक पोल भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय नागरिकों ने नाला निर्माण कार्य के ठेकेदार को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि नाले की खुदाई के चलते इमारत की नींव में पहले से दरारें आ रही थीं, लेकिन शिकायत के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button