निवाड़ी में सुभारती हॉस्पिटल का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मोदीनगर । नगर पंचायत निवाड़ी में क्षेत्रवासियों के बेहतर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आयोजक अंकित त्यागी के प्रयासों से सुभारती हॉस्पिटल द्वारा एक दिवसीय विशाल निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैंप (स्वास्थ्य शिविर) का सफल आयोजन किया गया। शिविर में लगभग सैकड़ो स्थानीय निवासियों ने पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।
शिविर में मरीजों की सुविधा के लिए विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे। जनरल फिजिशियन डॉ. ध्रुव चौधरी ने मौसमी बीमारियों, उच्च रक्तचाप (ब्लड प्रेशर) एवं मधुमेह (शुगर) से संबंधित मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाइयों के साथ उचित खान-पान एवं जीवनशैली संबंधी सलाह दी।
महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. तन्वी एवं डॉ. भूमिका ने महिला मरीजों की समस्याओं की गहन जांच की तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। वहीं नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संस्कृति जायसवाल एवं उनकी टीम ने मरीजों की आंखों की जांच की। जांच के दौरान मोतियाबिंद एवं दृष्टि दोष से संबंधित मरीजों को आवश्यक परामर्श तथा चश्मे से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में मरीजों की सटीक बीमारी का पता लगाने के लिए निःशुल्क रक्त जांच (ब्लड टेस्ट) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों के रक्त नमूने लिए गए। इस कार्य में राजेंद्र, काजल, मनोज कुमार सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस सुविधा से मरीजों को बाहर जाकर महंगी जांच कराने से राहत मिली।
स्थानीय नागरिकों एवं प्रबुद्ध जनों ने सुभारती हॉस्पिटल की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क जांच एवं परामर्श उपलब्ध होना अत्यंत सराहनीय कदम है। चिकित्सकों की टीम ने लोगों को भविष्य में भी स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहने का संदेश दिया।
शिविर को सफल बनाने में अध्यक्ष अनिल त्यागी, सतेंद्र त्यागी, जितेंद्र त्यागी, विवेकश् लोमेश,रजनीश कपिल ,राजू जाटव, (सभासद), श्जगदीश (सभासद), अख्तर अली, मोंटी (सभासद), आदि ने योगदान किया



