
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। पथरगामा थाना क्षेत्र के बाराबांध एवं रानीपुर गांव में पथरगामा पुलिस प्रशासन द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना, जनसंपर्क मजबूत करना तथा पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ाना था। रात्रि चौपाल में एसडीपीओ आकाश भारद्वाज, थाना प्रभारी शिवदयाल सिंह एवं पुलिस निरीक्षक विष्णु देव चौधरी का रानीपुर गांव के सरदार द्वारा बुके देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। साथ ही लोगों से पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई। ग्रामीणों ने भी गांव की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा, जिनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य आमजन और पुलिस के बीच संवाद को मजबूत करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना है। मौके पर सब इंस्पेक्टर पंकज कुमार, गौरव कुमार यादव, मुखिया प्रतिनिधि मनोज मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।




