ललितपुर
विश्व पर्यावरण दिवस पर ब्रह्माकुमारीज का जागरूकता अभियान
स्वच्छ प्रकृति, श्रेष्ठ संस्कृति और शुद्ध संकल्प से बनेगा सुंदर विश्व का दिया संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय वरदानी भवन द्वारा शहर में विशेष पर्यावरण जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पेड़ प्रकृति की शान है, जीवन की मुस्कान है का प्रेरणादायी आह्वान किया गया। इस दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों एवं भाइयों ने वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान तथा जनजागरण रैली आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों, बच्चों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता की। राजयोगिनी बीके मायारानी दीदी ने उपस्थित लोगों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केवल बाहरी प्रदूषण ही नहीं, बल्कि मन के नकारात्मक विचार भी वातावरण को दूषित करते हैं। जब मन शुद्ध होगा तभी प्रकृति भी सुरक्षित और संतुलित रह सकेगी। उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग और प्राकृतिक असंतुलन का प्रमुख कारण मानव की असंयमित जीवनशैली है। योग, सकारात्मक सोच और सात्विक जीवनशैली अपनाकर धरती को पुन: स्वर्ग समान बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक नाटक, गीत और स्लोगन प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने जीवन सुखी बनाए हम, आओ पेड़ लगाए हम, हरियाली हम भरपूर करें और प्रदूषण दूर करें, धरती पर हरियाली हो, जीवन में खुशहाली हो, वृक्ष देती स्वच्छ वायु, लंबा जीवन लंबी आयु तथा अगर चाहिए शुद्ध हवा, पेड़ लगाना सही दवा जैसे संदेशों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। इसके अलावा जल संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के लिए भी लोगों को प्रेरित किया गया। अगर भविष्य में पीना पानी, जल संरक्षण इसकी निशानी तथा अब तो जागो हे इंसान, पानी में बसते हैं प्राण जैसे नारों ने लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। ब्रह्माकुमारीज द्वारा यह पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम किशोर न्यायालय संप्रेषण कार्यालय एवं कंपनी बाग में भी आयोजित किया गया, जहां लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



