बागपत

संस्कार शिविर में युवाओं को मिला राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। आर्य प्रतिनिधि सभा बागपत के तत्वावधान में चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल, बड़ौत में आयोजित आवासीय संस्कार शिविर के पांचवें दिन युवाओं को शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में अनुशासन, संगठन, राष्ट्रभक्ति और उत्तम चरित्र निर्माण पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में मुंबई से आए योगाचार्य अरुण आर्य वीर ने शिविरार्थियों को भाला चलाना, सूर्य नमस्कार, डंबल व्यायाम, जूडो-कराटे, लेजियम तथा विभिन्न शारीरिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि शारीरिक रूप से स्वस्थ और आत्मविश्वासी युवा ही राष्ट्र के मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न कौशलों का अभ्यास किया।
सभा मंत्री रवि शास्त्री ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कहा कि युवा पीढ़ी को सदैव अच्छा सोचना, अच्छा बोलना और अच्छे कर्म करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सकारात्मक विचारधारा ही व्यक्ति को सफलता और सम्मान की ओर ले जाती है। जीवन में संस्कारों का विशेष महत्व है और संस्कारयुक्त व्यक्ति ही समाज में आदर्श स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सेवा, सहयोग और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो समाज और राष्ट्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।
सभा के कोषाध्यक्ष कपिल आर्य ने संगठन की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगठित समाज ही प्रगति और विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने कहा कि अच्छे और जागरूक लोगों को एकजुट होकर राष्ट्र उत्थान के कार्यों में योगदान देना चाहिए। राष्ट्र का उत्थान और समाज की उन्नति प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। जब लोग एक लक्ष्य और उद्देश्य के साथ मिलकर कार्य करते हैं तो कठिन से कठिन लक्ष्य भी सरलता से प्राप्त किए जा सकते हैं।
शिविर में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने भी युवाओं को संस्कार, शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्रसेवा के महत्व से अवगत कराया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर डॉ. तरुण तोमर, डॉ. राजकुमार त्यागी, धर्मपाल त्यागी, कपिल आर्य, मीरा वर्मा, हरेंद्र आर्य, रामपाल तोमर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button