भर्ती परीक्षा में नकल पर कड़ी नजर डीएम-एसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल। उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती लिखित परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। सोमवार को जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हीरा देवी तोताराम इंटर कॉलेज बहजोई और इंटरमीडिएट कॉलेज बहजोई सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए और कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों के बाहर भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) मनोज कुमार रावत सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।



