
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
धौलपुर। जिले के कौलारी थाना क्षेत्र के गांव टेहरी का पुरा के हरीका पुरा में कथित अवैध कच्ची शराब बिक्री के विरोध में ग्रामीण महिलाओं ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जिससे परिवारों का सामाजिक और आर्थिक ताना-बाना प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि शराब के नशे में कई पुरुष घर लौटकर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट करते हैं, जिससे घरेलू कलह बढ़ रही है और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। ग्रामीण महिलाओं ने आरोप लगाया कि अवैध शराब बिक्री की शिकायतें कई बार संबंधित थाने में की गईं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कुछ लोगों द्वारा घरेलू सामान गिरवी रखकर शराब उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।महिलाओं ने गांव में अवैध शराब बिक्री तत्काल बंद कराने, आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा नियमित पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीण व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


