दिल्ली के होटल में हुए अग्निकांड के बाद 5 दिन में 80 होटल-रेस्तरां की हुई जांच
अग्निशमन विभाग ने 30 को दिया नोटिस
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ – दिल्ली में हुए अग्निकांड के बाद हापुड़ जनपद में अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अग्निशमन विभाग ने विशेष अभियान चलाया हुआ है। पिछले पांच दिनों में लगभग 80 होटल , रेस्तरां, गेस्टहाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का फायर ऑडिट किया गया है । जांच के दौरान अग्नि सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर
पाए जाने पर 30 संस्थानों को नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा के निर्देश पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हापुड़ में होटल शाइन एंड कैफे, उत्सव होटल एंड रेस्टोरेंट, सिटी हार्ट रेस्टोरेंट और सिटी प्लाजा होटल का निरीक्षण किया गया। पिलखुवा में रॉयल फूड महल, प्रिंस पान एंड फूड कोर्ट व तोमर फैमिली टूरिस्ट ढाबा की जांच की गई जबकि गढ़मुक्तेश्वर में होटल कैलाश गेस्ट हाउस और होटल गंगा विला सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। सभी संस्थानों में निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर सेफ्टी सिस्टम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई है । कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत कार्यों के बारे में जानकारी भी दी गई। अग्निशमन विभाग ने मॉक ड्रिल और इवैक्यूएशन ड्रिल का भी आयोजन किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि जनपद में अग्नि सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानक पूरे नहीं पाए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि तय अवधि में मानकों को पूरा नहीं किया गया तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाएगी । सभी संस्थानों को अग्निशमन उपकरणों को कार्यशील रखने और आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं ।


