संभल

बुलडोजर चला खुला बंद रास्ता

ईदगाह मार्ग से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/गुन्नौर। कस्बा गुन्नौर में सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ईदगाह मार्ग पर बनाई गई अवैध दीवार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही तथा पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।

उपजिलाधिकारी विकास चंद्र के नेतृत्व में जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को हटाया गया। प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि गाटा संख्या 432 राजस्व अभिलेखों में सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा दीवार खड़ी कर रास्ते को अवरुद्ध कर दिया गया था, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बताया गया कि मामले की शिकायत मिलने के बाद राजस्व विभाग ने अभिलेखों की जांच की। जांच में रास्ते पर अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का निर्णय लिया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से दीवार को हटाकर रास्ता पूरी तरह से खुलवा दिया। उपजिलाधिकारी विकास कब्जामुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस बल ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और शांति व्यवस्था बनाए रखी। प्रशासन की इस कार्रवाई को आम लोगों ने राहत भरा कदम बताते हुए स्वागत किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि लंबे समय से रास्ता बंद होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब रास्ता खुलने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक हित से जुड़े रास्तों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button