बाराबंकी
बाराबंकी में ज्येष्ठ मंगल पर भंडारों का आयोजन
गंगा इंफ्राटेक एंड बिल्डर्स सहित कई स्थानों पर प्रसाद वितरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। ज्येष्ठ माह के सातवें मंगलवार को बाराबंकी जनपद के मसौली विकासखंड क्षेत्र में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन कर श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया।
रसौली स्थित गंगा इंफ्राटेक एंड बिल्डर्स में डायरेक्टर अजय प्रताप सिंह और रवि सिंह ने महाबली हनुमान जी महाराज की विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने आए हुए सभी भक्तों को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और हनुमान जी का प्रसाद वितरित किया।
इसी क्रम में सफदरगंज-बदोसराय रोड स्थित सफदरगंज चौराहे पर भी एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मसौली एवं आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
आयोजनकर्ता शशिकांत अवस्थी, आदर्श अवस्थी और विमल अवस्थी ने बताया कि ज्येष्ठ माह के मंगल का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी भावना के साथ भंडारे का आयोजन कर क्षेत्रवासियों और राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजनों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव को बढ़ावा मिलता है।
गंगा इंफ्राटेक एंड बिल्डर्स के डायरेक्टर अजय प्रताप सिंह ने कहा कि बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे हनुमान जी महाराज की कृपा और बालाजी महाराज की छत्रछाया बनी रहती है। उन्होंने सभी से यथाशक्ति भंडारे आयोजित करने का आग्रह किया।
इन भंडारों में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक सहयोग किया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सेवा और मानवता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। पूरे दिन प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा और हनुमान जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर गंगा इंफ्राटेक एंड बिल्डर्स के फिरोज अहमद दानिश, धीरज प्रताप सिंह, आकाश सिंह, मो कैफ, कलीम, रामू, गुड्डू अहमद, सुहेल अहमद, मनीष यादव, अजय यादव, विशाल भारती और संतोष कुमार सहित कई हनुमान भक्त उपस्थित रहे।



