जिलाधिकारी नें की आधार केन्द्रो के कार्यप्रणाली की समीक्षा में बच्चों के लंबित आधार अपडेट करने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में आधार नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, बच्चों के आधार नामांकन, राज्य सत्यापन पोर्टल तथा आधार केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई।
बैठक में यूआईडीएआई देहरादून के प्रोजेक्ट मैनेजर मनु त्रिपाठी ने बताया जनपद में कुल 38 आधार सेवा केंद्र संचालित हैं तथा 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन को बढ़ाने हेतु आंगनबाड़ी केंद्रों, अस्पतालों एवं विशेष शिविरों के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है। आधार केंद्र में नया आधार नामांकन पूर्णतः निःशुल्क किया जा रहा है। 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट भी निःशुल्क है। आधार में जनसांख्यिकीय जानकारी आदि अपडेट कराने का शुल्क ₹75 निर्धारित है, जबकि बायोमेट्रिक अपडेट का शुल्क ₹125 है।
जिलाधिकारी द्वारा 5 से 7 वर्ष एवं 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लंबित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए विद्यालयों में विशेष आधार शिविर आयोजित करने तथा शिक्षा विभाग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आधार केंद्रों के नियमित निरीक्षण, सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा आमजन को आधार संबंधी सेवाएं सुगमता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। बैठक में आधार सेवाओं के विस्तार, मोबाइल एवं ई-मेल अपडेट, दस्तावेज अद्यतन तथा जन-जागरूकता गतिविधियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर अनिल रावत, गिरिजा शंकर नौटियाल सहित अन्य उपस्थित रहे।



