कानपुर

ईएसआई अस्पताल जाजमऊ के विकास पर मंथन

चिकित्सकों की कमी से लेकर आईसीयू तक के मुद्दे उठे

अस्पताल विकास समिति की बैठक में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर हुई चर्चा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : ईएसआई अस्पताल जाजमऊ में गुरुवार को अस्पताल विकास समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा बीमित श्रमिकों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता चिकित्सा अधीक्षक डॉ. परमानंद कुमार ने की। बैठक में अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, संसाधनों की उपलब्धता तथा भविष्य की आवश्यकताओं की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को प्रमुख समस्या बताते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अल्ट्रासाउंड मशीन तथा अतिरिक्त एक्स-रे मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक में अस्पताल की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने सूचना प्रौद्योगिकी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, लिफ्ट सुविधा को बेहतर बनाने तथा गंभीर मरीजों के उपचार के लिए गहन चिकित्सा इकाई की स्थापना की आवश्यकता पर चर्चा की। इसके अलावा अस्पताल को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए समर्पित विद्युत व्यवस्था विकसित किए जाने का सुझाव भी रखा गया। अस्पताल परिसर की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने अस्पताल की बाहरी दीवार के आसपास हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता बताते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई कराने की मांग की। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि ईएसआई अस्पताल जाजमऊ बड़ी संख्या में श्रमिकों और उनके परिवारों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान करता है। ऐसे में अस्पताल की सुविधाओं का विस्तार और संसाधनों की उपलब्धता समय की आवश्यकता है, ताकि लाभार्थियों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। बैठक में क्षेत्रीय निदेशक के.सी. झा, सांसद प्रतिनिधि संतोष दीक्षित, उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतिका अकदस, डॉ. राम सिंह भदौरिया, भारतीय मजदूर संघ के अध्यक्ष अनिल उपाध्याय, कर्मचारी प्रतिनिधि संजय शुक्ला तथा ईएसआईसी कर्मचारी प्रतिनिधि राजेश कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने अस्पताल के विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को आगे बढ़ाने तथा मरीजों की सुविधाओं में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र कराने पर सहमति व्यक्त की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button