गाजियाबाद
गाजियाबाद में महिला ने भू-माफिया गिरोह पर अवैध कब्जे व धमकी का लगाया आरोप
गैंगस्टर कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र के इलायचीपुर गांव की निवासी प्रीति नायक महिला ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी को अपना शिकायती प्रार्थना पत्र भेजकर कथित भू-माफिया मनोज कुमार उर्फ मन्नू एवं उसके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की जांच और जब्ती कराने की मांग की है।
शिकायत कर्ता प्रीति पुत्री रामनिवास ने आरोप लगाया है कि वह ग्राम इलायचीपुर स्थित खसरा संख्या 164 की संयुक्त सह-खातेदार हैं। उनके अनुसार भूमि का विधिक बंटवारा अभी तक नहीं हुआ है, इसके बावजूद मनोज कुमार उर्फ मन्नू, उसकी पत्नी अनीता, तुषार उर्फ गोलू, विपिन तथा उसके अन्य सहयोगी मिलकर भूमि पर जबरदस्ती अवैध कब्जा, प्लाटिंग और निर्माण कार्य कर रहे हैं। उनके द्वारा विरोध करने पर उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
शिकायत में कहा गया है कि 18 जून 2026 को राजस्व विभाग द्वारा भूमि के सीमांकन और सत्यापन की कार्रवाई के दौरान भी कथित तौर पर आरोपियों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली तथा प्राथिनी और लेखपाल को धमकाया।
महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में उल्लेख किया है कि मनोज कुमार उर्फ मन्नू के खिलाफ पूर्व में विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज रहे हैं और उसके विरुद्ध गुंडा एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी गिरोह अवैध गतिविधियों के माध्यम से बड़ी मात्रा में चल-अचल एवं बेनामी संपत्तियां अर्जित कर चुका है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
प्रार्थीनी ने प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने, गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने, कथित अवैध प्लाटिंग और निर्माण को रुकवाने, भूमि का राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम से सत्यापन कराने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोलकर निगरानी रखने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में अलग से कानूनी कार्रवाई की भी मांग की गई है।

